Book your AD

गंगाशहर में महाराजा गंगासिंह की 147वीं जयंती मनाई गई

ऑडियो न्यूज़ सुनें
अनुमानित समय: ~3 मिनट (335 शब्द)
तैयार
0% पूर्ण लाइन 0 / 0

गंगाशहर विकास मंच के तत्वावधान में बीकानेर रियासत के 21वें शासक एवं गंगाशहर के संस्थापक महाराजा गंगासिंह की 147वीं जन्म जयंती डागा गेस्ट हाउस में समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में महाराजा गंगासिंह के दूरदर्शी व्यक्तित्व, ऐतिहासिक योगदान और विकास कार्यों को याद किया गया। इस दौरान गंगाशहर की नागरिक समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में महापौर अनिल कल्ला और उपमहापौर पंकज गहलोत मुख्य अतिथि रहे। नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष महावीर रांका, डागा ट्रस्ट के विमल डागा, जैन महासभा के अध्यक्ष कन्हैयालाल बोथरा सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। मुख्य वक्ता डॉ. चक्रवर्ती नारायण श्रीमाली और महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के व्याख्याता गोपाल व्यास ने महाराजा गंगासिंह के जीवन, शासन व्यवस्था और ऐतिहासिक योगदान पर विचार रखे।

महापौर अनिल कल्ला ने कहा कि महाराजा गंगासिंह की विकास परिकल्पना को साकार करना सभी का दायित्व है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को मिलकर क्षेत्र की समस्याओं को चिह्नित कर प्राथमिकता से समाधान के प्रयास करने चाहिए। उपमहापौर पंकज गहलोत ने कहा कि विकास सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनसमस्याओं का समाधान करने के लिए पार्टी राजनीति से ऊपर उठकर कार्य किया जाएगा।

महावीर रांका ने महाराजा गंगासिंह को दूरदर्शी शासक बताते हुए उनके कार्यों को प्रेरणास्रोत बताया। डॉ. चक्रवर्ती नारायण श्रीमाली ने शिक्षा, बालिका शिक्षा और गंगनहर के माध्यम से मरुस्थल के विकास में उनके योगदान को रेखांकित किया। गोपाल व्यास ने उनके शासनकाल की शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, न्याय और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विशेषताओं पर प्रकाश डाला।

समारोह में गंगाशहर में नगर निगम का क्षेत्रीय कार्यालय दोबारा शुरू करने, महाराजा गंगासिंह और सेठ ईश्वरचंद्र चोपड़ा की प्रतिमाएं स्थापित करने तथा सब्जी मंडी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा नियमित सफाई, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण, पार्कों के विकास, सड़क डिवाइडरों के सौंदर्यीकरण, सड़कों व नालों के निर्माण और सार्वजनिक स्थानों पर सोलर लाइट लगाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। अतिक्रमण हटाने के साथ दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था बनाने की आवश्यकता भी जताई गई।

Bikaneri Tadka

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यहाँ टच करके बीकानेरी तड़का के व्हाट्सएप चैनल को जॉइन करके दैनिक अपडेट प्राप्त करें